Follow Us:

केंद्रीय मंत्री ने बांधे PM के तारीफों के पुल, हिमाचल को तोहफे देने का वादा

पी. चंद, शिमला |

हिमाचल प्रदेश बीजेपी ने अपने चुनावी प्रचार तेज कर दिया है। इसी के चलते सोमवार को बीजेपी ने बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ हिमाचल द्वारा प्रबुद्धजन संगोष्ठी का आयोजन किया, जिसके मुख्य वक्ता केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री धर्मेंद्र प्रधान रहे। इस दौरान प्रधान ने कहा कि आजादी के 70 साल देश के कई हिस्सों में लोग रोटी और कपड़े से वंचित हैं। लेकिन, पीएम मोदी ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया है और आज देश को संकल्प सिद्धि की जरूरत है।

प्रधान ने कहा कि हिमाचल में 400 करोड़ की सब्सिडी दी जा रही है। अगर जरूरत होगी तो हिमाचल में और भी एलपीजी केंद्र खोलें जाएंगे। अभी हिमाचल में 411 पेट्रोल पंप हैं, अगर और जरूरत पड़ती है तो इनपर भी ध्यान दिया जायेगा। इसके अलावा पेट्रोल पंप पर काम करने वालों कर्मियों की वेतन में बढ़ोतरी हुई है, पहले इनका टोटल बजट एक करोड़ था कि जो कि बढ़ाकर अब डेढ़ करोड़ कर दिया गया है।

हिमाचल में होगी बायो फ्यूल की शुरूआत

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब जल्द ही वेस्ट से बायो फ्यूल निकाला जाएगा और इसको हिमाचल में भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। सिलेंडर दुर्घटना का शिकार होने वाले लोगों की बीमा राशि भी बढ़ाकर एक लाख से छह लाख कर दिया गया।

टैक्स देने वालों की संख्या बढ़ी

प्रधानमंत्री के नोटबंदी के फैसले से लोगों को दिक्कत तो हुई लेकिन कोई मोदी के फैसले से नाराज़ नही था। इस फैसले से देश का दबा हुआ 18 लाख करोड़ बाहर निकला। देश में जीएसटी आर्थिक सुधारों के क्षेत्र सबसे बड़ा फैसला केन्द्र सरकार ने लिया। देश के चंद लोग टैक्स को दबाकर रखना चाहते थे, लेकिन जीएसटी के आने से  जो 75 लाख लोग कर देते थे आज बढ़कर इनकी संख्या एक करोड़ से पार पहुंच गई।

गौरतलब है कि संगठन की मजबूती के लिए इन संगोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। धर्मेंद्र प्रधान हिमाचल के दामाद भी है क्योंकि उनकी पत्नी मृदुला धर्मेन्द्र मंडी की है। यही वजह है कि धर्मेन्द्र प्रधान हिमाचल में आते रहते है। इसके बाद धर्मेन्द्र प्रधान माल रोड़ में बीजेपी के जनसंपर्क अभियान को भी आगे बढ़ाएंगे।