Follow Us:

मुख्यमंत्री ने किया दशहरा उत्सव का विधिवत समापन, दी सौगातें

गौरव, कुल्लू |

मशहूर अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधिवत रूप से समापन्न किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि देवी देवताओं के बिना मेले और त्यौहार अधूरे हैं और इनके बिना मेलों और उत्सव का कोई महत्व नहीं रह जाता। उन्होंने यह भी कहा कि देवी देवताओं से जुड़ी परंपरा को बनाए रखने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। इन सबके साथ-साथ उन्होंने कुछ खास घोषणाएं भी की हैं।

दशहरा उत्सव में आने वाले देवी देवताओं के नजराने में हर साल की तरह 5 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा, देवी- देवताओं के दूरी भत्ते में 20 प्रतिशत की वृद्धि करने का एलान, देवी देवताओं के बाजंतरियों को दिए जाने वाले मानदेय में भी 10 प्रतिशत वृद्धि की है। साथ में उन्होंने मणिकर्ण और हरिपुर दशहरा उत्सव के लिए 75 हजार रुपए और वश्ष्ठि दशहरा उत्सव के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस दौरान कर्मचारियों और सेवा निवृत कर्मचारियों को दीपावली से पहले 3 प्रतिशत मंहगाई भत्ता देने का भी एलान किया है।

उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश भर में कर्मचारियों और सेवा निवृत कर्मचारियों को दिया जाने वाला यह महंगाई भत्ता देने से सरकार पर 200 करोड़ रुपए का बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार इसे बोझ न समझकर कर्मचारियों को उनका हक दे रही है जो सरकार का फर्ज बनता है।