Follow Us:

देश के अमीर मुख्यमंत्रियों की सूची में ‘जयराम’ को मिला ये स्थान

समाचार फर्स्ट |

देश के 29 राज्यों के साथ दो केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति की रिपोर्ट एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) ने जारी की है। इस रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 3.27 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति के साथ 18वें स्थान पर हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू पहले स्थान पर हैं। 

बीजेपी शासित राज्यों में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय कुमार रुपाणी के पास सबसे अधिक लगभग 9 करोड़ की संपत्ति है, जबकि बीजेपी के मुख्यमंत्रियों में जयराम सातवें स्थान पर हैं। सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्रियों में त्रिपुरा के मानिक सरकार हैं, जिनके पास लगभग 26 लाख की संपत्ति है। 

एडीआर ने निर्वाचन आयोग में विधानसभा चुनाव लड़ने के समय दिए संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों को आधार बनाकर रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में 177 करोड़ की कुल चल-अचल संपत्ति के साथ आंध्र के मुख्यमंत्री हैं। 

अरुणाचल के सीएम प्रेम खांडू 129 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह 48 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक जयराम ठाकुर की चल संपत्ति 1.89 करोड़ और अचल संपत्ति 1.38 करोड़ बताई गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित छह बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति जयराम से कम है।