Follow Us:

राफेल डील पर SC का फैसला: CM जयराम बोले- सत्य की हुई जीत, कांग्रेस के मुंह पर तमाचा

पी. चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को हरियाणा के रोहतक में एक प्रैस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे जहां पर उन्होंने राफेल डील को लेकर मचे बबाल पर कांग्रेस पर जमकर पलटवार किया। मुख्मंत्री ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सत्य की जीत बताते हुए इसे कांग्रेस के मुंह पर तमाचा बताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राफेल डील मामले पर झूठ बोलकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में ही नहीं डाला बल्कि देश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया, जो अति दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इसके लिए देश के लोग कांग्रेस को कभी क्षमा नहीं करेंगे। इस मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।

जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व देश हित में राफेल विमान खरीदने का बड़ा निर्णय लिया है। ये फैसला कांग्रेस और कुछ विपक्षी दलों को रास नहीं आ रहा है और वह जानबूझ कर इसमें खामियां ढूंढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये डील साल 2007 में की गई थी पर केन्द्र में कांग्रेस के आठ सालों के शासन के दौरान इस बारे में कोई अन्तिम निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से पूछा कि क्या यह देरी इस वजह से हुई कि कांग्रेस सरकार इस डील में बिचौलियों के माध्यम से कमीशन नहीं ले पाई??

जयराम ठाकुर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस अध्यक्ष अपने वक्तव्यों और सार्वजनिक ब्यानों में शिष्टता का बर्ताव करने में विफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हाल में आए तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणामों के बाद अति उत्साह में राहुल गांधी गुमराह करने वाले और बिना सोचे समझे ब्यान दे रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को सलाह दी कि वे अपनी काल्पनिक दुनिया से बाहर आए।

उन्होंने कहा कि देश के लोगों को आज भी बोफोर्स का मामला याद है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के नेताओं को भी आधारहीन ब्यानबाजी करने पर चेताया। कांग्रेस के तथाकथित बड़े नेता झूठे प्रचार का सहारा लेकर देश के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं और अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण राफेल मुद्दे पर झूठ बोल रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने राफेल डील पर दुष्प्रचार करके देश के सम्मान को ठेस पहुंचाई है और आगामी लोकसभा चुनावों में देश की जनता कांग्रेस पार्टी को माकूल जवाब देंगी।