Follow Us:

CM ने लिया रैली की तैयारियों का जायजा, शिंदे-रंजन भी पहुंचे

समाचार फर्स्ट |

कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मंडी में होने वाली रैली की तैयारियों में कांग्रेस नेता जुट गए हैं और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरे के समापन के बाद मंडी के पड्डल मैदान पहुंचे। यहां पर उन्होंने शनिवार को होने वाली राहुल गांधी की रैली का जायजा लिया। इस दौरान सीएम के साथ कांग्रेस प्रभारी सुशील शिंदे और रंजीत रंजन भी पहुंचे। इस रैली को सफल बनाने का सारा जिम्मा वीरभद्र सिंह ने संभाला हुआ है।

गौरतलब है कि शनिवार को कांग्रेस की 'विकास से विजय की ओर' आयोजित होने जा रही है। इस रैली को राहुल गांधी संबोधित करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी की रैली के तुरंत बाद इस रैली का होना राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्व रखता है। यह रैली आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस का चुनावी शंखनाद होगी। बता दें कि कांग्रेस नेता लगातार कह रहे हैं कि पीएम की रैली का जवाब राहुल की रैली के जरिये दिया जाएगा।