Follow Us:

राहुल से मुलाकात के बाद बोले CM, संगठन पर अब पूर्ण विश्राम

पी. चंद, शिमला |

जाखू में दशहरा पर्व पर रावण दहन के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी के साथ उनकी लंबी बातचीत हुई है औऱ वह बातचीत से संतुष्ट हैं। वहीं, संगठन को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा बयान दिया है। जब उनसे संगठन के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि संगठन पर अब पूर्ण विश्राम लग गया है।

वीरभद्र सिंह ने हाईकमान से मिलकर साफ कर दिया कि हिमाचल में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है यदि वीरभद्र सिंह को फ्री-हैंड मिले। इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि कांग्रेस अध्यक्ष सुक्खू बैठक के लिए दिल्ली भी नहीं गए। बल्कि, अनमने ढंग से ही सही शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हिमाचल में चुनाव वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे, लेकिन संगठन की कमान उन्हीं के पास रहेगी।

जाखू में CM वीरभद्र ने जलाया रावण का पुतला

पूरे प्रदेश में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया और जगह-जगह रौनक देखने को मिली। दशहरा पर्व पर कई जगहों पर रावण का पुतला जलाया गया। शिमला के जाखू में भी दशहरा पर्व की खूब धूम रही। शाम होते ही रावण का पुतला जलाया गया। जाखू में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रिमोट कंट्रोल से रावण का पुतला जलाया दशहरा पर्व पर जाखू में काफी भीड़ जमा हुई थी। लोगों में दशहरे को लेकर काफी उत्साह भरा हुआ था।