Follow Us:

पूर्व कांग्रेस विधायक के भाई की हत्या पर सियासी उबाल, सुक्खू बोले- हत्यारों को सरकार का संरक्षण

पी. चंद शिमला |

हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में कांग्रेस के पूर्व विधायक के चचेरे भाई की हत्या ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस ने इस हत्या को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पीसीसी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हत्या का आरोप आरएसएस कार्यकर्ता पर लगाया है।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह हत्या सरकार के संरक्षण में आरएसएस के कार्यकर्ता ने की है। उन्होंने बद्दी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सुक्खू ने कहा कि अगर आरोपी पकड़े नहीं जाते हैं तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी। 

गौरतलब है कि बद्दी में कांग्रेस के पूर्व विधायक रामकुमार चौधरी के चचेरे भाई की रविवार को हत्या कर दी गई। कांग्रेस इस हत्याकांड में प्रदेश सरकार का संरक्षण करार दे रही है। कांग्रेस का कहना है कि बीजपी के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में कानून का किसी को कोई खौफ नहीं रह गया है। जयराम सरकार को आरएसएस ही चला रही है, इसलिए आरएसएस कार्यकर्ता बेखौफ होकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।

इस वारदात को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि आरएसएस के कार्यकर्ता मर्डर करके आराम से फरार हो जाते हैं, इसका संकेत यही है कि घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि कसौली के बाद बद्दी में मर्डर ने सोलन जिले की कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाय दिया है।

 संबंधित ख़बर विस्तार से यहां पढ़ें हिमाचल में नही थम रहा हत्याओं का सिलसिला, बद्दी में एक और मर्डर