Follow Us:

कांग्रेस प्रभारी के कार्यक्रम की NOC रद्द करने पर भड़की कांग्रेस

समाचार फर्स्ट |

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल एक बार फिर हिमाचल दौरे पर आ रही हैं। इस दौरान रजनी पाटिल प्रदेशभर में कई कार्यक्रम करेंगी और कार्यकर्ताओं के साथ होने वाली बैठकों में हिस्सा लेंगी। लेकिन, धर्मशाला के इंडोर स्टेडियम में होने वाले उनके कार्यक्रम की एनओसी रद्द कर दी गई है।

रजनी पाटिल के कार्यक्रम की एनओसी रद्द होने के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी महासचिव हरभजन सिंह भज्जी ने कहा कि 9 जुलाई को धर्मशाला में पाटिल  का कार्यक्रम तय था। जिला कांग्रेस कमेटी प्रशासन से पहले अनुमति ले चुका था, लेकिन जयराम सरकार के दबाव में प्रशासन ने शनिवार को एनओसी रद्द कर दी। पार्टी इसकी कड़ी आलोचना करती है।

एनओसी रद होने के बाद कांग्रेस ने अब जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का स्थान बदलकर उत्सव पैलेस कर दिया है। लोकसभा चुनाव को लेकर रजनी पाटिल अब उत्सव पैलेस में जिला कांगड़ा के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी  का संदेश देंगी। भज्जी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार की इन दमनकारी नीतियों से घबराने वाली नहीं है।

वहीं, डीसी कांगड़ा का ने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रम के लिए 9 तारिख को कांग्रेस ने इंडोर स्टेडियम बुक करवाया था लेकिन, सरकार ने इंडोर स्टेडियम में राजनीतिक कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। जिसकी जानकारी सम्बंधित याचिका कर्ता को दे दी गई है।