Follow Us:

जयराम राज में हमीरपुर की हुई अनदेखी, सिर्फ सिराज और धर्मपुर में हो रहा विकास: सुक्खू

जसबीर |

जसबीर कुमार। अंबेडकर की जयंती पर हमीरपुर में हुए कार्यक्रम में हिमाचल कांग्रेस भाजपा और कई मुद्दों पर निशाना साधना नहीं भूली। मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मुख्य सचिव के भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम तक को भी कोई पता नहीं है। यह बहुत बड़ी विडंबना है कि देश के प्रधानमंत्री एक मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मुख्य सचिव की जांच करने के लिए कह रहे हैं।

सुक्खू ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आज प्रदेश में नौकरियां केवल धर्मपुर और सिराज क्षेत्र में ही दी गई हैं और हमीरपुर क्षेत्र की अनदेखी की गई। जहां से भाजपा की गंगा बहती थी लेकिन जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री बनते ही साढ़े चार सालों में पूरी तरह से अनदेखी की है। साथ ही एक भी मंत्री का पद भी हमीरपुर को नहीं दिया है क्योंकि भाजपा की राजनीति गुटों में बंटी हुई है जिसके चलते राष्ट्रीय महासचिव को शिमला में आना पड़ा है।

आम आदमी पार्टी पर दी प्रतिक्रिया

सुक्खू ने कहा कि लोकतंत्र में हर पार्टी को रैली करने का अधिकार है। कांग्रेस पार्टी की ही देन है जिसमें लोकतंत्र में यह सब अधिकार दिए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को बनाया है और लूटने का काम मोदी ने किया है और अब आम आदमी पार्टी बांटने का काम करने में जुट गई है।

अध्यक्ष पद के बदलाव की चर्चाओं पर बोले सुक्खू

कांग्रेस संगठन में बदलाव की अटकलों को लेकर सुक्खू ने कहा कि बदलाव एक नियंत्रण प्रक्रिया है और कांग्रेस में 40 सालों के बाद एक बदलाव किया जा रहा है। इससे प्रदेश की दशा और दिशा बदलेगी। नई दिल्ली में हाईकमान के द्वारा प्रदेश में बदलाव को लेकर चर्चा की गई है इसके बाद नीतिगत फैसला हुआ है कि विधानसभा चुनाव में किस तरह कांग्रेस चुनाव लड़ेगी।