Follow Us:

मोदी सरकार की उपलब्धियों को पचा नहीं पा रही कांग्रेस: सत्ती

पी. चंद |

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सत्तपाल सत्ती ने गुरूवार को कांग्रेस के खिलाफ जमकर निशाना साधा। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस मोदी सरकार की 4 साल की उपलब्धियों को पचा नहीं पाने की वजह से सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि 27 मई से 11 जून तक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा जिसके माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। आगामी लोकसभा चुनावों में चारों सीटें जीतने के लिए प्रदेश बीजेपी एकजुट होकर कार्य कर रही है।

सत्ती ने केंद्र सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल को जिम्मेदार सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी देश के कोने-कोने तक पहुंच गई, विदेश नीति को सुधारा और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर भारत की अलग पहचान बनी। टीम इंडिया के तहत मोदी ने सभी राज्य सरकारों को एकजुट किया जिसके चलते राज्यों का हिस्सा 32 से बढ़ाकर 42 कर दिया।

पिछली सरकार ने बिगाड़ी कानून व्यवस्था: सत्ती

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने गुरूवार को कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पिछली सरकार में बिगड़ी वह अब तक सुधर नहीं पा रही है। पिछली सरकार की गलतियों का नतीजा कसौली गोलीकांड है। अफसर भी कानून व्यवस्था को लेकर सीरियस नहीं है। बीजेपी का यही मानना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर रही है।