Follow Us:

जिस थाली में खाते हैं उसी में छेद करते हैं मनकोटिया: कांग्रेस

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मेजर विजय सिंह मनकोटिया जिस थाली में खाते हैं उसी में छेद करते हैं। मनकोटिया ने अपनी ओछी हरकतों से यह साबित कर दिया है। मनकोटिया की ओर से मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर कांग्रेस नेताओं ने यह बात कही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनकोटिया को इस ओछी और अहसान फरामोश राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, महासचिव रामलाल ठाकुर, कुलदीप पठानिया, प्रवक्ता केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक टिप्पणियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणियों के लिए मनकोटिया को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए और पार्टी से त्याग पत्र दे देना चाहिए।

इन कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की बदौलत कांग्रेस हिमाचल में मजबूत है। कांग्रेस की मजबूती में मेजर मनकोटिया का कोई योगदान नहीं है। मनकोटिया ने हमेशा अवसरवादी राजनीति की है। यही कारण है कि शाहपुर के लोगों ने उन्हें राजनीति से बाहर का रास्ता दिखाया है। आने वाले समय में मनकोटिया को अपनी लोकप्रियता का पता भी चल जाएगा।