Follow Us:

हाथरस मामले को लेकर कांग्रेस का सत्याग्रह, महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने दिया धरना

पी. चंद शिमला |

हाथरस और बलरामपुर में बेटियों के साथ हुए रेप और हत्या मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह का आयोजन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथरस मामले के विरोध में रिज मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना दिया। इससे पहले शिमला जिला शहरी कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी के नेतृत्व में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से साथ हाथरस पुलिस के दुर्व्यवहार को लेकर कांग्रेस मुख्यालय से रिज मैदान तक मौन जलूस निकाला।

कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि हाथरस में जिस प्रकार उनके नेताओं से दुर्व्यवहार किया गया वह सहन नहीं किया जा सकता। कांग्रेस का सत्यग्रह का यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जबतक की वहां की बेटियों को न्याय नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बना दी गई है, जहां नागरिकों के अधिकारों को खत्म कर दिया गया है।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हाथरस में जिस तरह से दलित बेटी के साथ अत्याचार हुआ और परिजनों को बेटी का चेहरा तक नहीं देखने दिया ये पूरे देश के लिए एक दुखत घटना है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जब संवेदना व्यक्त करने पीड़ित परिवार से मिलने जाते हैं तो उन्हें रोका जाता है पीटा जाता है जोकि लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कुचलने का प्रयास कर रही है। इन सभी घटनाओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश भर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठे हैं।