Follow Us:

कांग्रेस राज्यपाल के समक्ष उठाएगी पेपर लीक मामला, 4 जून को ज्ञापन सौंपेंगे सुक्खू

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पुलिस भर्ती लीक मामले को अब राज्यपाल के समक्ष उठाएगी। कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू इस मुद्दे पर 4 जून को राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे…

पी.चंद |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पुलिस भर्ती लीक मामले को अब राज्यपाल के समक्ष उठाएगी। कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू इस मुद्दे पर 4 जून को राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें 90 दिन के भीतर सीबीआई जांच पूरी करने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही राज्यपाल के समक्ष नशा तस्करी और माफिया के बढ़ते प्रभाव का मुद्दा भी उठाया जाएगा। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेंद्र शर्मा ने यह जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले को लेकर सुक्खू और कांग्रेस पार्टी शुरू से सरकार पर हमलावर है। हर मंच पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया जा रहा है। राज्यपाल के समक्ष इस मुद्दे को उठाकर भाजपा सरकार को आइना दिखाया जाएगा। आरोप है कि लिखित परीक्षा पास करने वाले लगभग 2000 अभ्यर्थियों को दलालों 3 से 8 लाख रुपये में पेपर बेचा है। पुलिस की कार्यप्रणाली भी इस मामले में संदेह के घेरे में है। चूंकि, पेपर उसी के पास था।

कांग्रेस अब पूरे मामले से ज्ञापन के जरिये राज्यपाल को अवगत करवाएगी। साथ ही नशाखोरी के बढ़ते प्रभाव और सरकार के माफ़िया के खिलाफ कठोर कदम न उठाने के बारे में भी बताया जाएगा।