Follow Us:

सुखविंदर सिंह सुक्खू के पोस्टर लगाने को लेकर कांग्रेस समर्थक आपस में भिड़े

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल के जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के देहरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पोस्टर लगाने को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। मंगलवार रात कांग्रेस नेता गगन दीप पराशर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता व एक अन्य युवा नेता पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

गगन दीप ने बताया कि बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के दौरे को लेकर वह अपने समर्थकों सहित परागपुर में पोस्टर लगा रहे थे तभी शराब के नशे में धुत कांग्रेस के इन हमलावर नेताओं ने उन पर हमला करके उन्हें लहूलुहान कर दिया। पुलिस को दी गई शिकायत में गगनदीप पराशर ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता का सिविल अस्पताल देहरा में मेडिकल करवाकर मामले की जांच की जा रही है। बता दें गगनदीप पराशर कांग्रेस संगठनात्मक जिला देहरा के महासचिव है व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविन्दर सिंह सुक्खू के समर्थक भी हैं।