पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हॉली लॉज में शनिवार को अपना जन्मदिन मनाया। लेकिन, अपने जन्मदिवस के मौके पर भी वीरभद्र सिंह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ तल्ख़ नज़र आए। इस दौरान वीरभद्र सिंह ने सुक्खू पर खूब सियासी तीर छोड़े।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू पार्टी के लिए सुसाइडल (आत्मघाती) है। सुख्खू के नेतृत्व में पार्टी का ग्राफ निरंतर गिरा है। अब कांग्रेस को ऐसे लोगों को आगे लाना चाहिए जिनका पार्टी में आधार हो।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि संगठन में नए लोगों के आने से नए विचार आते हैं, नया जोश आता है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि सुख्खू को हटाने के लिए वह पहले भी हाईकमान से मांग उठाते आए हैं और आगे भी उठाएंगे।
वहीं, लोकसभा चुनाव न लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ूगा नहीं बल्कि अब लड़ाऊंगा। मुख्यंमत्री जयराम ठाकुर द्वारा उनके अनुभव को लेकर उठाए गए सवाल पर वीरभद्र सिंह ने कहा कि 'शेर' कभी बूढ़ा नहीं होता। सीएम जय राम ठाकुर को याद रखना चाहिए कि हिमाचल का जो विकास हुआ है वह कांग्रेस की ही देन है।