Follow Us:

पुलिस के सामने पूर्व विधायक के साथ मारपीट, गुंडों को सत्ता में बैठे दे रहे संरक्षण: राठ़ौर

पी. चंद |

कांगड़ा के सुलह विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक से मारपीट पर कांग्रेस ने रोष जताया। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था काफी चिंताजनक है। सुलह विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक जगजीवन पाल के साथ सत्ता से जुड़े कुछ लोगों द्वारा धक्का मुक्की और अभद्र व्यवहार करना सही नहीं, मैं उनकी कड़ी निंदा करता हूं। प्रदेश में जंगल राज चल रहा है। जहां सत्ता से जुड़े भाजपा के लोग कहीं भी किसी से भी मार कुटाई कर रहें है।

राठौर ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस नेता के साथ बदसलूकी हुई। इससे साफ है कि ऐसे लोगों को सरकार का पूरा सरंक्षण है। राठ़ौर ने आरोपी, दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही करने की मांग प्रशासन से की है। उन्होंने कहा है कि अगर प्रशासन ने आरोपियों पर ढुलमुल रवैया रखा तो कांग्रेस इसे सहन नहीं करेगी और इसके खिलाफ आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब एक पूर्व विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोग अपने को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकते हैं। पिछले दिनों कुल्लू में भी भाजपा से जुड़े कुछ लोगों ने  कांग्रेस से जुड़े एक दम्पति पर जान लेवा हमला किया था और अब सुलह में भी इस प्रकार का हमला प्रदेश की विगड़ती कानून व्यवस्था की पूरी पोल खोलता है।