Follow Us:

गैर हिमाचलियों को नौकरियां देकर प्रदेश के युवाओं से अन्याय: राठौर

मृत्युंजय पुरी |

प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और गैर हिमाचलियों को नौकरी देने को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। इसी कड़ी में आज कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर की अगुवाई में शहीद स्मारक धर्मशाला से उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली। कांग्रेस की इस रोष रैली में प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पवन काजल, आशीष बुटेल, अजय महाजन, केवल सिंह पठानिया, पूर्व सांसद चंद्र कुमार, पूर्व विधायक संजय रत्न, पूर्व विधायक यादविंद्र गोमा, ब्लॉक अध्यक्ष परागपुर सुरिंद्र मनकोटिया, विजयइंद्र कर्ण सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस मौके पर कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अन्य राज्यों के लोगों को नौकरियां बांटकर युवाओं से अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में जेई के पदों पर प्रदेश के अन्य लोगों की नियुक्तियां की गई हैं। यह प्रदेश के बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा धोखा हैं। जिसका खामियाजा प्रदेश सरकार आगामी 30 अक्टूबर को हो रहे उप-चुनावों में भाजपा सरका को भुगतना पड़ेगा। सरकारी नौकरियों में जिस प्रकार प्रदेश के बेरोजगारों के साथ अन्याय किया जा रहा है, उसके खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। भाजपा की जनविरोधी नीतियों कथनी और करनी के अंतर को जनता को बताएगी कि इस तरह से भाजपा ने उनके हितों के साथ खिलवाड़ किया है।

कर्ज पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार

राठौर ने सरकार से मांग उठाई कि इन चार वर्षों में जो कर्ज प्रदेश सरकार ने लिया है वह कहां और किन कार्यों पर खर्च किया गया है। इसको लेकर श्वेत पत्र सरकार जारी करें। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार देश ही नहीं प्रदेश में बढ़ रहा है और नौजवानों को नशे की और धकेलने की एक बड़ी साजिश भी रची जा रही है। राजनेताओं पर हमले भाजपा की नाकामियों को भी दर्शा रहे हैं। सुलह के पूर्व विधायक और कुल्लू में कांग्रेस नेताओं के साथ मारपीट इसके बड़े उदाहरण भी हैं।

उपचुनावों के लिए तैयार है कांग्रेस

उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपचुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है और फतेहपुर के उपचुनाव से जीत हासिल कर आने वाले 2022 के चुनावों को लेकर भी एक बड़ा संदेश प्रदेश की जनता को देगी। इस उपचुनाव जीत के लिए कांग्रेस एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।