Follow Us:

परियोजनाओं की ऑन-लाइन निगरानी के लिए प्रभावी प्लेटफार्म बना ‘हिम प्रगति’ पोर्टल

पी. चंद, शिमला |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 'हिम प्रगति' पोर्टल की समीक्षा करते हुए कहा कि हिम प्रगति एक ऑनलाइन अनुश्रवण प्रणाली है जिसे राज्य सरकार ने पिछले साल अक्तूबर महीने के दौरान शुरू किया था। इस नई प्रणाली के अंतर्गत सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों से विभिन्न स्वीकृतियां और अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में आ रहीं कठिनाईयों के बारे में निवेशकों द्वारा मुख्यमंत्री को अवगत करवाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने गुरूवार को कहा कि प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों की सुविधा और उनसे सीधा संवाद सुनिश्चित करने के लिए ये सभी पहल की गई हैं। यह प्रणाली निवेशकों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी पटल के रूप में उभरेगी, जिससे उनकी समस्याओं का सर्वोच्च स्तर पर समयबद्ध समाधान होगा।

उन्होंने कहा कि निवेशक और सम्भावित उद्यमी अब इस पोर्टल पर लॉग-इन करके आसानी से अपनी परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी हासिल कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं हिम प्रगति पोर्टल की त्रैमासिक निगरानी कर रहे हैं ताकि परियोजनाओं के निर्माण की गति को तेज किया जा सके।