Follow Us:

हिमाचल विस चुनाव में कांग्रेस का होगा सूपड़ा साफ: शाहनवाज़

समाचार फर्स्ट डेस्क |

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने शनिवार को चुराह में अल्पसंख्यक मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान शाहनवाज ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का सूपड़ा जल्द ही साफ होने वाला है। हुसैन ने कहा कि हिमाचल की जनता ने वीरभद्र को 6 बार मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया। लेकिन वीरभद्र ने इन 6 बार सिर्फ अपनी तकदीर लिखी और हिमाचल की जनता को केवल छला है।

बीजेपी भारी बहुमत से सत्ता पर काबिज होगी, जिसके बाद प्रदेश में विकास में दोगुनी तेजी आएगी, जिससे प्रदेश का तेजी के साथ विकास होगा। शाहनवाज ने चुराह जाने से पहले डलहौजी में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हिमाचल और कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ऑलआउट हो जाएगी।

हुसैन ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सीटें सिंगल डिजिट तक सीमित रह जाएंगी। प्रदेश में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के रिकार्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश में कांग्रेस गुटबाजी में बंटी हुई है जिसका मुकाबला एकजुट और सशक्त बीजेपी से है। प्रदेश में अबतक जो भी विकास हो रहा है वह केंद्र की सरकार से उपलब्ध होने वाले बजट से हो रहा है। शाहनवाज़ ने कहा कि कांग्रेस नेता विकास का श्रेय खुद लेकर प्रदेश की जनता को भ्रमित कर रहे हैं।