Follow Us:

हिमाचल BJP प्रभारी ने केजरीवाल और मान को दी चुनौती, ‘पंजाब में किए कार्य पर श्वेत पत्र लेकर आएं’

हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान द्वारा दिए बयान को हास्यास्पद बताया है। साथ ही उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार और झूठ करार दिया है…

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान द्वारा दिए बयान को हास्यास्पद बताया है। साथ ही उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार और झूठ करार दिया है। खन्ना ने कहा कि ‘AAP’ नेताओं ने केवल प्रदेश की जनता का मजाक बनाया है। खन्ना ने ‘AAP’ नेताओं को चुनौती देत हुए कहा कि वे पंजाब में किए गए कार्यों पर श्वेत पत्र लेकर आएं। उनके द्वारा की गई सभी घोषणाएं पूरी होने से कोसों दूर हैं। उन्होंने कहा कि मोदी और जयराम सरकार ने जनता के साथ अपने वादे पूरे किए हैं, सहारा योजना और आयुष्मान भारत इसका सबूत हैं।

भाजपा प्रभारी ने कहा, “भगवंत मान ने हमीरपुर और मिंजर मेले के बारे में जो बयान दिया है वह उनके अनुभव और योग्यता को दर्शाता है। पंजाब के मुख्यमंत्री को यह भी नहीं पता की मिंजर मेला चंबा में होता है। पंजाब सरकार ने केवल शराब की दरों में कमी की है। पंजाब में ‘AAP’ के सत्ता में आने के बाद से पंजाब का माहौल असुरक्षित होता जा रहा है और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। पंजाब में खुली फायरिंग और दिनदहाड़े हत्याएं आम बात हो गई है। हाल ही में एक व्यापारी से 1.50 करोड़ की लूट हुई और बाद में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।”

खन्ना ने कहा कि पंजाब में एक डमी मुख्यमंत्री है और केजरीवाल उसके पीछे का मास्टरमाइंड है। पंजाब सरकार के अधिकारियों को बैठकों और निर्देशों के लिए दिल्ली बुलाया जा रहा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘AAP’ नेताओं के कहने और करने में बहुत अंतर है। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने जनता से झूठ बोलने में पीएचडी कर ली है।