Follow Us:

शिमला चुनाव के बाद फिर शुरू हुआ ‘वीरभद्र-सुक्खू’ वॉर, आलाकमान के पास होंगे पेश!

समाचार फर्स्ट डेस्क |

 नगर निगम चुनाव शिमला में हार के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच तकरारें फिर शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र समेत सरकार पर बैठे कुछ मंत्री शिमला में कांग्रेस की हार का ठीकरा संगठन के सिर पर फोड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनके समर्थकों का आरोप है कि संगठन में मिस मैनेजमेंट की वजह से उन्हें शिमला में हार मिली है। इसलिए वह चाहते हैं कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को जल्द से जल्द बदला जाए।

वहीं, संगठन के प्रमुख प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू और उनके समर्थकों का कहना है कि संगठन की कार्यप्रणाली में सरकार पर बैठे मुख्यमंत्री वीरभद्र और उनके समर्थक किसी तरह का कोई हस्तक्षेप ना करें।

दोनों नेताओं के बीच तकरारों के चलते एक बार फिर कांग्रेस आलाकमान इन्हें दिल्ली दरबार में तलब कर सकती है। इससे पहले भी दोनों के बीच चल रही खाई को पाटने के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने दोनों की मौजूदगी में एक बैठक की थी। इस बैठक में दोनों नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता से काम करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन, MC चुनाव के बाद एक बार फिर इन दोनों के बीच तकरार तेज हो गई है, और अब देखना यह होगा की आलाकमान क्या फैसला लेता है।