Follow Us:

अफसरों से पंगा लेना पड़ा महंगा, कर्मचारी परिसंघ के प्रदेश अध्यक्ष नौकरी से बर्खास्त

समाचार फर्स्ट |

हिमाचल प्रदेश कर्मचारी परिसंघ अध्यक्ष विनोद कुमार को नई सरकार ने नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। कांग्रेस सरकार में सस्पेंड चल रहे बागवानी विभाग में अधीक्षक ग्रेड-2 पद पर तैनात विनोद को वरिष्ठ अधिकारियों से अभद्र व्यवहार और अनुशासनहीनता महंगी पड़ी।
 
 पिछली सरकार में परिसंघ के नेता विनोद कुमार काफी सुर्खियों में रहे। इस नेता ने अपने ही विभाग के अफसरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। अफसरों की कार्यप्रणाली और बागवानी विभाग में होने वाली खरीद-फरोख्त पर भी उंगलियां उठाईं। हालांकि, कर्मचारी नेता पर कार्यालय में न आने और गाली गलौज के भी आरोप लगे।
 
निदेशक ने दिए बर्खास्तगी के आदेश 
 
बागवानी विभाग के निदेशक ने अपनी सेवानिवृत्ति वाले दिन ही विनोद कुमार की बर्खास्तगी के आदेश दिए। कर्मचारी नेता को नई सरकार से उम्मीद थी। हालांकि, कई अन्य प्रताड़ित अधिकारियों और कर्मचारियों का निलंबन बहाल कर दिया है। उधर, विनोद कुमार का कहना है कि उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।

बागवानी विभाग के निदेशक हेमराज ने 30 दिसंबर को सेवानिवृत्ति के दिन ही विनोद कुमार के बर्खास्तगी आदेश निकाले हैं। उन्होंने कहा कि विनोद के खिलाफ आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की है। विनोद कुमार का कहना है कि वे इस मामले को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से उठाएंगे।