Follow Us:

हिमाचल में मिथक को तोड़ते हुए मिशन रिपीट करेगी भाजपा, बैठक में बोले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

पी. चंद |

भाजपा शिमला संसदीय क्षेत्र की बैठक का आयोजन होटल पीटरहॉफ में किया गया। बैठक में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह की मौजूदगी में भाजपा ने रणनीति बनाई और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने की बात कही। सौदान सिंह ने कहा की भाजपा एकजुट होकर आने वाले नगर निगम और विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार होना है। संगठन संगठित होता है तो कोई भी ताकत भाजपा को हरा नहीं सकती ।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और इसके पीछे हमारे कार्यकर्ताओं की अटूट मेहनत है और लाखों कार्यकर्ताओं का त्याग और निस्वार्थ भाव है। हाल ही में हुए राज्यों के चुनावों में जनता ने भाजपा को भारी मत दिया है और उत्तराखंड, गोआ, उत्तर प्रदेश और मणिपुर में भाजपा की सरकार ने फिर एक बार सरकार बनाई है। इस बार हिमाचल में भी हम पूर्व प्रथाओं को तोड़ते हुए हम एक बार फिर भाजपा की मजबूत सरकार बनाएंगे।

भाजपा प्रभारी ने दिए टिप्स

भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने कार्यकर्ताओं को टिप्स देते हुए कहा की हमे आत्मचिंतन की आवश्यकता है जिसके लिए इस महत्वपूर्ण बैठक को बुलाया है। हम सब को इस बैठक में पूरा फीडबैक संगठन को देना है। हम संगठन के सिपाही है और संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनावों और नगर निगम चुनावों में भाजपा मिशन रिपीट की ओर बढ़ रही है।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि आगामी चुनावों के लिए हम एक ठोस रणनीति तय कर रहे हैं। आने वाले समय में भाजपा पंच परमेश्वर सम्मेलनों का आयोजन करेगी। साथ ही भाजपा बूथ की मजबूती के लिए रणनीति तय करेगी। 6 अप्रैल स्थापना दिवस के साथ साथ भाजपा महासंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रही है जिसके अंतर्गत भाजपा के कार्यकर्ता घर घर जा कर भाजपा की सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएंगे।