Follow Us:

शिमला के घागल में बनेगा हेलीपैड, बलधार में मुख्यमंत्री ने किया ऐलान

पी. चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला के बलधर में करोड़ों की घोषणाएं की। जनता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने घागल में हेलीपैड बनाने की बात कही और कहा कि पर्यटन की दृष्टि से इस हेलीपैड का जल्द से जल्द निर्माण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने 3 सड़कों को 5-5 लाख रुपये, आयुर्वेदिक औषाधालाय के लिए 15 लाख और स्कूल खोलने के लिए भी लाखों की राशि का ऐलान किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि वे खुद एक सादगीपूर्ण पृष्ठभूमि से संबंध रख़ते हैं और आम जनमानस के विकासात्मक जरूरतों को समझते हैं। सत्ता में आते ही उन्होंने कैबिनेट की पहली बैठक में वृद्ध पेंशन की आयु सीमा को घटाया, जिससे लोगों को फायदा मिला। प्रदेश सरकार के इस एक ही फैसले ने डेढ़ लाख वृद्धों को लाभ पहुंचाया। इसके साथ ही बजट में 30 नई योजनाओं का प्रावधान किया गया, जिसके तहत आगामी दिनों में प्रदेश का विकास आसमान छूएगा।

विपक्ष पर साधा निशाना

विपक्षी दल कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उनके कुछ दोस्त दिल्ली दौरे पर सवाल खड़े करते हैं। लेकिन, दिल्ली दौरों से केंद्र की जो मदद मिली है अब वे उसे पचा नहीं पा रहे। प्रदेश की जनता पूर्व कांग्रेस सरकार को अच्छी तरह जानती है और नेताओं के पास भी कहने को भी कुछ शेष नहीं बचा।