Follow Us:

संगठनात्मक बैठक में बोले CM, जयराम सरकार का कार्यकाल रहा सफ़ल

पी. चंद |

सुंदरनगर के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा संगठनात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश का अब तक का कार्यकाल सफ़ल रहा है। इस दौरान सरकार ने कई नई योजनाएं और ऐतिहासिक निर्णय लिए  हैं। अब कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि सरकार की पहल औऱ कल्याणकारी योजना को आम जनता तक पहुंचाए। विभिन्न मुद्दों को मीडिया में उछालने के बजाय इन पर उचित मंच पर चर्चा करें।

प्रदेश में भाजपा सरकार के मिशन रिपीट को सफल बनाने के लिए यह आवश्यक है कि पार्टी के सातों मोर्चा आपसी तालमेल के साथ काम करें। कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार ने हिमाचल सरकार को कुछ कड़े कदम उठाने की सलाह दी है। पार्टी नेताओं को अपने कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ सीधा सम्पर्क बनाना चाहिए ताकि पार्टी का आधार बढ़ सके। यह सोशल मीडिया के अधिकाधिक उपयोग से ही संभव है।

उन्होंने कहा कि एक साल पूर्व लोकसभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों की जबरदस्त जीत पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और आपसी समन्वय के कारण संभव हुई थी। पार्टी ने प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में रिकार्ड अन्तर के साथ जीत दर्ज की।