Follow Us:

कांग्रेस ने मनाया जीत का जश्न, राठौर बोले- कांग्रेस मुक्त भारत करने वालों को जनता ने दिया जवाब

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगमों में हुए चुनावों में कांग्रेस ने सोलन और पालमपुर में जीत हासिल की है। इस जीत की खुशी में कांग्रेस ने आज राजीव भवन शिमला में जश्न मनाया। जीत के जश्न में कार्यकर्ताओं ने खूब पटाखे फोड़े और मिठाईयां बांटी।

प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों की इस जीत ने भाजपा के अहंकार को तोड़ दिया है। जो भाजपा कांग्रेस मुक्त भारत करने का दावा करती है, उनके लिए कांग्रेस की ये जीत करारा जवाब है। उन्होंने इस जीत का श्रेय सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को देते हुए आगामी 2022 के विधानसभा के चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया।

राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने के बावजूद भी कांग्रेस पार्टी की विजय सरकार के खिलाफ जनता के आक्रोश को दर्शाती है। इन चुनावों में जिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशियों के विरुद्ध कार्य किया है उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर कुलदीप राठौर ने कहा कि शायद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छोटे चुनावों में हार जीत से फर्क नहीं पड़ता इसलिए इन चुनावों में ईवीएम में गड़बड़ी न हुई हो। लेकिन 2022 के चुनावों में ईवीएम में गड़बड़ियों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इन चुनावों में विविपेट का प्रयोग नहीं किया गया है जिसकी शिकायत कांग्रेस ने की है।