Follow Us:

नवनियुक्त कांग्रेस चीफ राठौर बोले, बड़े नेताओं को साथ लेकर पार्टी करेंगे मजबूत

नवनीत बत्ता |

कुलदीप राठौर को हिमाचल कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया गया है। नाम ऐलान होने से पहले कुलदीप राठौर ने समाचार फर्स्ट ने बातचीत की। उन्होंने कहा कि उनका पहला कार्य पार्टी को मजबूत करना रहेगा। चुनावों के मद्देनज़र पार्टी में कुछ बदलाव संभव रहेंगे और जो लोग काफी समय से हाशिये पर थे उन्हें आगे लाया जाएगा। संगठन से ज्यादा छेड़छाड़ नहीं होने की संभावना है। वीरभद्र सिंह और सुक्खू के सवाल पर राठौर ने कहा कि दोनों बड़े नेता हैं औऱ दोनों की पार्टी अपनी जगह है। सभी पुराने नेताओं के साथ मिलकर आगे बढ़ा जाएगा।

कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई संभावना हिमाचल जैसे छोटे राज्यों में नहीं है कि यहां पर कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की जरूरत पड़े। पार्टी के बड़े नेता जैसे जीएस बाली है, ठाकुर कौल सिंह, मुकेश अग्निहोत्री हैं ये सभी बड़े नेता जब मजबूती की तरफ निकल जाते हैं तो पार्टी खुद संगठित और मजबूत हो जाती है। टिकट के सवाल को उन्होंने हाईकमान का हवाला देकर टाल दिया।

मुख्यमंत्री के सवाल पर बोले राठौर

प्रदेश अध्यक्ष जो बना वह मुख्यमंत्री की दौड़ में रहा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरा यह मानना है कि हम संगठनात्मक लोग हैं और बेहतर है कि जो प्रमुखता से काम हमें दिया जाता है संगठन को मजबूत करने का उसी काम को हम आगे बढ़ाएं। मुख्यमंत्री पद मेरा कोई टारगेट भी नहीं है ना मैं बनना चाहता हूं।