Follow Us:

कांग्रेस नेताओं की गुपचुप बैठक, 7 नेताओं की नज़दीकियां PCC चीफ पर पड़ सकती है भारी

पी. चंद |

एक ओर भाजपा के अंदर विरोध की चिंगारियां धधक रही हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह भी किसी से छिपी नहीं रही। भाजपा की घटती लोकप्रियता के चलते कांग्रेस के नेता फ़िर से सक्रिय हो गए है। चुनावी हार के बाद अढाई सालों तक चुप रहने के बाद कौल सिंह जैसे कांग्रेसी नेता फ़िर से सक्रिय हो गए हैं।

शिमला में आज कौल सिंह के घर पर कांग्रेस के हारे औऱ जीते नेताओं ने गुपचुप बैठक की। बैठक में हारे हुए विधायक कौल सिंह ठाकुर, सुधीर शर्मा, सोहन लाल और रोहित ठाकुर मौजूद रहे। जबकि विधायक सुखविंदर सिंह सुख्खू, आशीष बुटेल और हर्षवर्धन चौहान भी बैठक का हिस्सा बने। बताया जा रहा है कि मौजूदा कांग्रेस पार्टी की कार्यप्रणाली से ये नेता खुश नहीं है।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष से ये लोग खासे नाराज़ चल रहे हैं। इनका मानना है कि पार्टी अध्यक्ष की अगुवाई में आलाकमान को गलत और झूठी सूचनाएं दी जा रही हैं, जिससे कांग्रेस पार्टी की किरकिरी होने के साथ पार्टी कमज़ोर हो रही है। कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव में आलाकमान जो गलत रिपोर्ट दी और नतीज़ा प्रदेश में सबसे बड़ी हार हिमाचल कांग्रेस को झेलनी पड़ी। उपचुनावों में झूठी रिपोर्ट दी गई और पार्टी दोनों उपचुनाव बुरी तरह से हारी।

अब भी पार्टी गलत रिपोर्ट आलाकमान को भेज रही है, जिसका ताज़ा उदाहरण आलाकमान को भेजा गया 12 करोड़ राशि वाला एक पत्र था। खबर तो ये भी है कि आने वाले समय में कांग्रेस के दूसरे बड़े नेता भी बैठक करने वाले हैं। आज की ताजा बैठक यही निकलकर सामने आया है कि मौजूदा कांग्रेस कमेटी आलाकमान को गुमराह कर पार्टी को नुकसान पहुंचा रही है। बैठक के बाद एक बार फ़िर से कांग्रेस पार्टी के अंदर गुटबाज़ी फिर से मुखर होने लगी है। अब देखना है कि कांग्रेस के भीतर ताज़ा घटनाक्रम क्या गुल खिलाता है?