Follow Us:

पालमपुर में होगा कांग्रेस का अधिवेशन, लोकसभा कैंडिडेट पर होगी चर्चा

पी. चंद |

तीन राज्यों के सुखद नतीजों के बाद कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को मात देने के लिए अब कांगड़ा जिले पर फोकस किया है। इसी कड़ी में 15 दिसंबर को पालमपुर में कांग्रेस संसदीय क्षेत्र का एक दिवसीय अधिवेशन करने जा रही है। इसमें राज्य प्रभारी रजनी पाटिल, कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में अहम रूप से लोकसभा के उपयुक्त प्रत्याशी को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की राय जानी जाएगी।

साथ ही किन मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाए, इस पर भी चर्चा होगी। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों पर भी कांग्रेस दिग्गज हमला बोल सकती है। ये जानकारी देते हुए सुक्खू ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के दिन अब लद गए हैं। केंद्र सरकार की वादाखिलाफी से हर वर्ग नाराज़ है। महंगाई, बेरोजगारी के अलावा जनविरोधी नीतियों के कारण जनता का विश्वास मोदी सरकार से उठ गया है।

सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में भी कांग्रेस चारों सीटों पर दर्ज करेगी। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र हिमाचल का बेहद अहम हिस्सा है। यहां के अभी नेताओं, पदधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर ही टिकट तय किया जाएगा।