Follow Us:

सुक्खू से मिले राजेंद्र राणा, टिकट की होड़ में बन रहे नए समीकरण!

नवनीत बत्ता |

लोकसभा चुनावों के नजदीक आते ही कांग्रेस में नए समीकरण बनते नज़र आ रहे हैं। जो नेता कभी मंच पर एक साथ दिखते तक नहीं थे वे अब एक साथ दिखने लगे तो चर्चा लाजमी है। बुधवार को सुजानपुर से विधायक राजेंद्र राणा प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलने उनके घर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच लगभग 1 घंटे तक मुलाक़ात हुई और ये मुलाक़ात चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा हो सकती है।

याद रहे कि राजेंद्र राणा वीरभद्र गुट के माने जाते हैं और लोकसभा चुनावों में वे लगातार टिकट की दावेदारी बनाए हुए हैं। वहीं, सुक्खू के गृह जिला होने के चलते और प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते टिकट रजामंदी के लिए उनकी सहमति जरूरी है। ऐसे में राणा का सुक्खू के घर पर मिलना कहीं न कहीं भविष्य में नए समीकरणों के संदेश दे रहा है।

हालांकि, इस संदर्भ में जब विधायक राजेंद्र राणा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि रजनी पाटिल के हमीरपुर दौरे के चलते वे सुक्खू से मिलने पहुंचे थे। वहीं, सुक्खू ने इस बारे में कहा कि बाकी लोकसभा क्षेत्रों से उन्हें नेता-कार्यकर्ता मिलने आ रहे हैं। राजेंद्र राणा भी उसी तरह चुनावी चर्चा के लिए आए थे। सूत्रों की मानें तो इस दौरान कई निष्कासित नेता भी घर वापसी के लिए सुक्खू से मिलने पहुंचे थे।