Follow Us:

राह में रोड़े अटकाने के बजाये कामों में गति प्रदान करें बीजेपी नेता: सुक्खू

पी. चंद |

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से कई सवाल किये है। सुक्खू ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता के खुले समर्थन के कारण सांसद अनुराग ठाकुर केंद्र सरकार में राज्य वित्त मंत्री बने हैं। नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री प्रदेश सरकार में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष हैं। केंद्र और हिमाचल में भाजपा की ही सरकार है, इसलिए अनुराग ठाकुर और विजय अग्निहोत्री से मांग है कि विकास की राह में रोड़े अटकाने के बजाए कार्यों को गति प्रदान करवाएं।

बकौल सुक्खू, पूर्व कांग्रेस सरकार के समय कोहला, जसाई, पनसाई और बटराण स्कूलों को दसवीं से अपग्रेड कर प्लस टू किया गया था। बीजेपी सरकार ने सत्ता में आने के डेढ़ साल बाद भी इन स्कूलों को बारहवीं तक फंक्शनल नहीं किया है। जिससे बच्चों को बारहवीं की पढ़ाई के लिए घर से दूर जाना पड़ रहा है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और एचआरटीसी उपाध्यक्ष प्रदेश सरकार से इन स्कूलों को जल्दी फंक्शनल कराएं, ताकि बच्चे घर के पास ही उच्च शिक्षा हासिल कर सकें। इनमें पनसाई स्कूल तो अग्निहोत्री के घर का स्कूल है।

सुक्खू का कहना है कि गलोड़ में सरकारी कॉलेज भी उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार में स्वीकृत करा दिया था। वहां भी आज तक कक्षाएं नहीं बिठाई गईं, जिससे गलोड़ क्षेत्र के बच्चों को कॉलेज की पढ़ाई के लिए दूर-दराज जाना पड़ रहा है। यही नहीं, पूर्व कांग्रेस सरकार के समय मझियार और बसारल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और किटपल में आईटीआई स्वीकृत की गई थी। इन्हें भी आज तक शुरू नहीं किया गया। नादौन भी अनुराग के संसदीय क्षेत्र में ही आता है, इसलिए भेदभाव के बजाए सरकार से विकास कार्यों को गति प्रदान करवाएं।

उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर ये काम प्राथमिकता के आधार पर कराने चाहिए ताकि क्षेत्र की जनता को लाभ मिल सके। नादौन में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए विधायक सुक्खू ने कहा कि चुनावों के परिणामों से हतोत्साहित होने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस पार्टी चुनावों के दौरान हुई खामियों को जल्द दूर करेगी और लोगों के बीच में केन्द्र और राज्य सरकार की नाकामियों को रखेगी।

धनपुर स्पाईस पार्क को शुरू कराएं अनुराग

सुक्खू ने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार के समय बड़ा के साथ लगते धनपुर में स्पाईस पार्क स्वीकृत कराया गया था। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उसका उद्घाटन भी कर दिया, बावजूद उसके पूर्व भाजपा सरकार ने स्पाईस पार्क का निर्माण शुरू कराना तो दूर, उसे ठंडे बस्ते में ही डाल दिया। सुक्खू ने कहा कि अनुराग ठाकुर अब केंद्र सरकार में मंत्री हैं, वह स्पाईस पार्क का निर्माण कार्य शुरू कराएं ताकि आसपास की आठ पंचायतों के लोगों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके