Follow Us:

‘देश नहीं बचता-तब कुछ भी नहीं बचता, देश को बचाने के लिए हर बार मोदी का लाना जरूरी’

जसबीर |

देश रहेगा तभी राजनीति होगी, राजनीतिक दल रहेंगे और चुनाव भी तभी होंगे। आज यूक्रेन में इलेक्शंस हो सकते हैं क्या ? यूक्रेन में आज हर तरफ तबाही का मंजर है। जब देश नहीं बचता तब कुछ भी नहीं बचता। इसलिए अगर देश को बचाना है तो मोदी जी को बार-बार, हर बार लाना है यह सुनिश्चित करना होगा। पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने मंगलवार को सुजानपुर में ये बात कही है।

पूर्व सीएम ने कहा कि देश की 90 प्रतिशत आबादी गांवों में रहती है। देश के विकास के लिए इस अधिकतर आबादी का विकास होना ज़रूरी है। हमें गर्व होता है यह सुनके प्रदेश के हर कोने से लोग आकर कहते हैं कि हिमाचल कृषि मंत्री बढ़िया काम कर रहे हैं। पूर्व सीएम ने कृषि मंत्री की पीठ थपथपाते हुए उनके काम की प्रसंशा की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने लोग, बड़े बुजुर्ग यहां बैठे हैं, उन्होंने विकास होते हुए देखा है। 1998 से पहले इस क्षेत्र के हालात क्या थे उस से नई पीढ़ी अनभिज्ञ है, बच्चों को पता नहीं है, नई बहू को जानकारी नहीं है क्योंकि इतिहास उनको पता नहीं है। नई पीढ़ी को यही लगता है यह विकास शुरू से ही यहीं था और ऐसे ही था। जो राष्ट्र-समाज-कॉम अपना इतिहास भूल जाती है, उसको इतिहास भुला देता है। इसलिए अपना इतिहास हमेशा याद रखना चाहिए। बड़े बुजुर्ग यहां पर बैठे हैं, उनको क्षेत्र का इतिहास पता है। उनको पता है यहां विकास कैसे हुआ है। नई योजनाएं लाओ, उनको लागू करो, विकास को आगे बढ़ाओ लेकिन साथ में अपना पुराना इतिहास भी याद रखो।