Follow Us:

2022 में स्थिति हो जाएगी स्पष्ट, पंचायती राज चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं हुए: जीएस बाली

जसबीर |

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जीएस बाली ने पंचायती राज चुनावों में मतदान की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। हमीरपुर में वह पंचायत समिति के नवनिर्वाचित कांग्रेस समर्थित बीडीसी उपाध्यक्ष संजीव कुमार के आवास पर समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। 

चुनावों के परिणामों में कांग्रेस के पिछड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं लड़े गए थे। हार और जीत का आकलन तब होगा जब पार्टी चिन्ह पर चुनाव लड़े गए हों। पूर्व मंत्री ने कहा कि जो सरकार सत्ता में होती हो वह जाहिर तौर पर पंचायत चुनावों में मैनेजमेंट करती है। 2022 में विधानसभा चुनावों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और पता चल जाएगा कि क्या हालात हैं। 

उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा विधायकों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि लंच डिप्लोमेसी की पंचायती राज चुनावों में नई परंपरा भाजपा सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा विधायकों द्वारा शुरू की गई है जो कि एक गलत प्रथा है। इसके विपरीत नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को स्वतंत्र छोड़ देना चाहिए ताकि वह अपने लोगों की स्वतंत्र भाव से सेवा कर सकें। इससे पहले जीएस बाली का बीडीसी उपाध्यक्ष संजीव कुमार के आवास पर पहुंचने पर कांग्रेसी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।