Follow Us:

वीरभद्र पर बिगड़ी महिला कांग्रेस, प्रभारी रजनी पाटिल से करेंगी शिक़ायत

पी. चंद |

वीरभद्र-सुक्खू वॉर के अंतर्गत प्रदेश कांग्रेस में वर्चस्व की जंग जोरों पर है। इसी बीच अब पार्टी में अपनी पैठ दिखाने की कोशिश की जा रही है और दोनों ओर से शक्ति प्रदर्शन किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में सुक्खू को अब महिला प्रदेश कांग्रेस ने भी समर्थन किया है। हमीरपुर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशीला नेगी ने कहा कि वीरभद्र सिंह की टिप्पणी अशोभनीय है। उनके बयानों से महिला कांग्रेस आहत है और वीरभद्र सिंह की शिक़ायत प्रभारी रजनी पाटिल से की जाएगी।

महिला अध्यक्ष ने कहा कि सुक्खू ने महिलाओं को घर-घर जाकर सम्मान दिया है और कांग्रेस पार्टी को इससे मजबूती मिली है। उसी का नतीजा है कि प्रदेश में कार्यकर्ताओं की लंबी फौज खड़ी है। उनके बलबूते कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव में बीजेपी को धूल चटा सकती है। सुक्खू ने अध्यक्ष रहते हर कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम आदमी से सीधा संपर्क रखा। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और उनमें जुझारूपन भरा।

नेगी ने कहा कि वीरभद्र सिंह की टिप्पणियों से लोकसभा चुनाव से पहले न केवल पार्टी को नुकसान हुआ, बल्कि कार्यकर्ताओं का मनोबल भी गिरा है। जिन कार्यकर्ताओं को वज़ह से कोई भी पार्टी सत्ता में आती है, उनपर भी वीरभद्र सिंह ऐसी टिप्पणियां करने से नहीं चूके।