Follow Us:

कोटली की जनता को नहीं करूंगा निराश, विधायक अनिल शर्मा हमें नहीं दे सकते दोष: CM

बीरबल शर्मा |

मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा के कई दफ़ा सवाल उठाने के बाद आख़िरकार मुख्यमंत्री ने कोटली का दौरा कर ही लिया। चूंकि मंडी लोकसभा के चुनाव है और विधायक के सवालों के बीच पहली दफा दौरा है तो मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं भी की। इसके साथ ही उन्होंने विधायक अनिल शर्मा के साथ चल रहे कुछ मन मुटाव भी दूर करने की बात कही औऱ उनके क्षेत्र की समस्याओं को भी सुना।

जय राम ठाकुर ने कहा कि सरकार बनने के बाद कोटली का उनका पहला सरकारी दौरा है। मैं कोटली आना चाहता था, लेकिन कोविड के कारण आ नहीं पाया। राजनैतिक दृष्टि से कई तरह की बातें सुनने और देखने को मिलती है, और कई चीजें हो जाती हैं। उनका जिक्र न ही किया जाए तो बेहतर है। हिमाचल प्रदेश को चलाने के लिए मंडी के बेटे को मौका मिला है। यह राजनैतिक नहीं सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई है। मंडी जिला में कई दौर ऐसे भी रहे हैं जहां ठाकुर कर्म सिंह और पं. सुखराम आगे बढ़े लेकिन मुकाम हासिल नहीं कर पाए। आज मौका मिला है सबको मिलकर आगे बढऩा चाहिए।

सभी विधायक और मंत्री अपने-अपने हिसाब से अपने क्षेत्र के लिए काम करते हैं। लेकिन कुछ लोगों को हमारे काम करने का तरीका अच्छा नहीं लगता। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सबको बोलने का अधिकार है, किसी को बांध कर नहीं रख सकते हैं। उन्होंने स्थानीय विधायक अनिल शर्मा की ओर इशारा करते हुए कहा कि छोटी-मोटी बातों को पीछे छोड़ कर आगे बढ़ऩा चाहिए। छोटी-मोटी बातों को हमें एकजुट होकर करनी चलना चाहिए, कई इच्छाएं पूरी नहीं होती। यह दौर आया है आओ इसे समझो, संभलों और एकजुट होकर काम करने की आवश्यक्ता है।

हमें दोष नहीं दे सकते अनिल शर्मा: CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अनिल शर्मा को कहना चाहता हूं कि आप हमें दोष नहीं दे सकते। इसका भगवान साक्षी है। हमने बोला साथ चलो, मंडी के सम्मान के लिए साथ रहो। कई बार परिस्थितियां ऐसी बन जाती हैं, तो किसी को दोष नहीं दे सकते। कई बार किस्मत में यहीं लिखा होता है। राजनीति में ऐसे दौर आते रहते हैं न आप बुरा मानें न हम। अब हम साथ साथ हैं।नेतृत्व ने कहा कि अनिल शर्मा का नामांकन भरवाना है आप वहां जाओ, तो मैं पैदल चलकर आया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आप मेरी पार्टी के उम्मीदवार थे आपके लिए मैंने और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी काम किया है। महेंद्र सिंह और अनिल शर्मा साथ थे, शायद गुरु चेले थे। अनिल बोले कि महेंद्र को गाड़ी सिखाई। ठीक है स्टीयरिंग कभी इधर उधर हो जाता है। कुछ मनमुटाव भी होता है सब बातों को भूलकर साथ चलना चाहिए। महेंद्र सिंह जहां भी रहते हैं खूब काम करते हैं। मैं कभी भी कोटली के लोगों को निराश नहीं करूंगा। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने क्षेत्र के लोगों को शीघ्र सुविधा प्रदान करने के लिए कोटली में जल्द ही एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा की।