Follow Us:

बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस ने किया विधानसभा का घेराव, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

पी. चंद |

बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने आज विधानसभा का घेराव किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिला कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन रैली के रूप में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से शुरू हुआ जो विधानसभा तक चला। यह प्रदर्शन महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल के नेतृत्व में किया गया। महिला कांग्रेस ने खाद्य तेल, घरेलू गैस, दालों और अन्य घरेलू सामानों में बेतहाशा वृद्धि का विरोध किया और केन्द्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान उनकी पुलिस कर्मियों के साथ हल्की धक्का मुक्की भी हुई।

जैनब चंदेल ने बताया कि आम और गरीब कमजोर परिवारों का इस महंगाई में जीना मुश्किल हो रहा है। केंद्र की गलत नीतियों से औद्योगिक घरानों को फायदा दिया जा रहा है। जिससे आम इंसान दो वक्त की रोटी के लिए तरस रहा है। कांग्रेस के समय में 400 रुपये का सिलेंडर आज हजार रुपये का हो गया है। दाल और अन्य खाद्य सामग्री गरीब जनता की पहुंच से बाहर हो गई है। सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों में देकर चंद लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। कांग्रेस का एक विजन था लेकिन बीजेपी की सरकार के समय मे किसानों और गरीब जनता की अनदेखी हो रही है जिसे कांग्रेस बर्दास्त नहीं करेगी।