Follow Us:

मंडी: महेंद्र सिंह की बेटी वंदना ग्रयोह वार्ड से जीती जिला परिषद का चुनाव, माकपा के भूपेंद्र को 724 वोटों से हराया

बीरबल शर्मा |

जिला परिषद के चुनावों में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह की बेटी वंदना गुलेरिया ने माकपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह जो निवर्तमान जिला परिषद सदस्य हैं को कड़े संघर्ष में हराया। वंदना गुलेरिया ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रयोह जिला परिषद वार्ड से 724 मतों के अंतर से यह जीत हासिल की है। पिछले चुनावों में भूपेंद्र सिंह ने वंदना गुलेरिया को इससे दो गुणा वोटों के अंतर से हराया था। 

इन चुनावों में कांग्रेस ने भी माकपा के भूपेंद्र सिंह जिन्होंने विधानसभा का चुनाव भी महेंद्र सिंह के खिलाफ लड़ा था को इस बार समर्थन दिया था। कांग्रेस ने यहां पर अपना समर्थित उम्मीदवार नहीं उतारा था। यह सीट प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री के बाद वरिष्ठता क्रम में आने वाले जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बनी हुई थी। कांग्रेस के समर्थन का माकपा के भूपेंद्र सिंह को लाभ कम नुकसान ज्यादा हुआ है क्योंकि पिछली दफा जब उन्होंने बड़े अंतर से वंदना गुलेरिया को हराया था तो वह अपने ही दम पर यह चुनाव लड़े थे। इस सीट पर सबकी नजरें लगी हुई थी।