Follow Us:

सरकार पार्टी चिन्ह पर करवाए नगर निगम के चुनाव: पूर्व मंत्री

बीरबल शर्मा |

कांग्रेस ने मांग उठाई है कि सरकार आने वाले नगर निगम चुनाव पार्टी चिह्नों पर करवाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने सोमवार को गांधी भवन मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा नगर निकायों व पंचायती राज संस्थानों के चुनावों में सरकार व भाजपा ने जमकर डराने धमकाने का तरीका अपना कर सत्ता पर काबिज होने का खेल खेला है जो आज दिन तक न तो शांता कुमार, न वीरभद्र सिंह और न प्रेम कुमार धूमल की सरकार होते हुए नहीं हुआ। सरकार व भाजपा दावा जता रही है कि 70 प्रतिशत से अधिक नुमाईंदे उनके दल के समर्थक जीते हैं। दावा तो कांग्रेस भी कर सकती है कि 60 से 70 प्रतिशत प्रतिनिधि उनके जीते हैं। मगर सरकार को अपनी लोकप्रियता का पता लग जाएगा जब आने वाले चारों नगर निगमों के चुनाव पार्टी चिह्नों पर हों। कांग्रेस चुनाव से नहीं डरती। भाजपा को यदि लगता है कि कांग्रेस बहुत पीछे है तो चिह्नों पर चुनाव होने से इसका भी पता लग जाएगा। 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए आरक्षण में धांधली कर रही है। शहरी निकाय व पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में यह साबित हो चुका है और अब यह खेल नगर निगम के चुनावों में भी खेलने के फिराक में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा किया गया तो यह बहुत महंगा साबित होगा। प्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर व उनकी केबिनेट से आग्रह किया कि वह इस बारे में जल्द निर्णय लें।

कांग्रेस पूरी तरह से किसानों के साथ

कांग्रेस जिला प्रधान ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसान मजदूरों के साथ रही है। अब भी उनके आंदोलन के साथ है। आज किसान आंदोलन को चलते हुए 75 से ज्यादा दिन हो गए, मगर आज भी प्रधानमंत्री किसानों को बातचीत से एक फोन काल दूर होने की बात कर रहे हैं मगर बात कर नहीं रहे हैं। कांग्रेस प्रधान ने आरोप लगाया कि 26 जनवरी को लाल किले पर हंगामा व झंडा फहराने वाले सरकार के ही भेजे हुए व समर्थक लोग थे। प्रकाश चौधरी कहा कि मैं दो बार प्रदेश में केबिनेट मंत्री व तीन बार विधायक रहा मगर आज तक मेरा फोटो प्रधानमंत्री के साथ नहीं है मगर लाल किले पर शरारत करने वाले कलाकार दीप सिंह का फोटो तो प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के साथ छपा है, ऐसे में वह कैसे इन्कार कर सकते हैं कि वह आरोपी उनका आदमी नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस हाइकमान ने किसानों के समर्थन में आंदोलन व प्रदर्शन करने का आदेश दिया है। इसके अनुसार 10 फरवरी को हर ब्लाक स्तर पर धरना प्रदर्शन होगा, 20 फरवरी को जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा व 25 फरवरी को राज्य स्तर पर प्रदर्शन सोलन में होगा।

भाजपा पैसे देकर करती है नुमाईंदों को खरीदने की डील

प्रकाश चौधरी ने आरोप लगाया कि पंचायत समितियों व स्थानीय निकायों के अध्यक्ष उपाध्यक्ष चुनने में सरकार ने सत्ता के लिए जमकर डील की। पहले तो बल्ह पंचायत समिति के अध्यक्ष का पद ओबीसी के लिए आरक्षित कर दिया और केवल एक ही वार्ड को ओबीसी के लिए आरक्षित करके अपनी अध्यक्ष बनाने का षड़यंत्र रचा। उनकी केंडीडेट विधायक इंद्र सिंह गांधी, मिल्क फैड चेयरमैन निहाल सिंह व बल्ह मंडल भाजपा के अध्यक्ष हेम पाल राणा के प्रचार के बावजूद हार गई तो कांग्रेस समर्थक मंजू नायक के साथ डील करके उसे अपने पक्ष में कर लिया। इसी तरह से नगर परिषद नेरचौक के अध्यक्ष पद को लेकर भी पैसे देकर डील की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास इस लेन देन के पूरे सबूत मौजूद हैं।