Follow Us:

निक्का ने फिर आजाद चुनाव लड़ने की कही बात, परिवर्तन रैली से बढ़ाई भाजपा-कांग्रेस की चिंता

मृत्युंजय पुरी |

मृत्युंजय पुरी। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के गर्म इलाके नूरपुर विधानसभा क्षेत्र मे आज राजनितिक तपिश भी देखने को मिली। भाजपा नेता रणवीर सिंह निक्का ने आज नूरपुर के जसूर क्षेत्र में अपना शक्ति प्रदर्शन किया, जिसमें भारी भीड़ एकत्रित करके निक्का ने भाजपा व कांग्रेस की नींद जरूर उड़ा दी है। निक्का भाजपा से लगातार टिकट की मांग कर रहे हैं, लेकिन निक्का ने ये भी साफ कर दिया है कि अगर भाजपा टिकट नहीं देगी तो मैं आजाद उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरूंगा।

नूरपुर विधानसभा से मौजूदा भाजपा विधायक मंत्री राकेश पठानिया के विरोध मे निक्का मैदान में उतरे हैं। आज हुई इस परिवर्तन रैली के माध्यम से निक्का ने पार्टी हाई कमान को सीधा संदेश दिया है। इस कार्यक्रम में पहुंचे निक्का समर्थक निक्का को विधायक बनाने की बात करते नजर आए। वहीं कार्यक्रम में संबोधन के दौरान निक्का ने भाजपा और कांग्रेस की बारियां खत्म करने की बात कही।

उन्होंने भाजपा और कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों ने अपने घरों को भरने का ही काम किया है। जनता की ओर नहीं देखा गया। मुझे जनता अपना आशीर्वाद देगी तो मैं अपनी सैलेरी जनता के घरों को पक्का करवाने के लिए ही लगाऊंगा और अपनी निजी कमानी से भी 20 प्रतिशत हिस्सा जनता की भलाई के लिए इस्तेमाल करूंगा।