Follow Us:

खेल विधेयक को वापिस लेने पर नाराज विपक्ष, सदन से किया वॉकआउट

पी. चंद |

हिमाचल विधानसभा बजट सत्र की चर्चा में खेल विधेयक को वापिस लेने और पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स को हिमाचल हॉकी के अध्यक्ष पद से हटाए जाने पर पक्ष-विपक्ष में तीखी नोंक झोंक देखने को मिली। प्रश्नकाल शुरू होने से पहले नैना देवी के कांग्रेस विधायक रामलाल ठाकुर ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने खेल विधेयक लाया था। लेकिन, मौजूदा सरकार अब खेल विधेयक को आज वापिस ले रही है। ठाकुर ने कहा बीजेपी सरकार जिस तरह के कदम उठा रही है वह हिमाचल की खेलों एवं खिलाड़ियों के लिए उचित नहीं है।

वहीं, उन्होंने हिमाचल हॉकी में अनुराग ठाकुर की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए और इस पर नियम 62 के तहत चर्चा की मांग उठाई। रामलाल ठाकुर ने आरोप लगाया कि विद्या स्टोक्स को बिना नोटिस दिए हिमाचल हॉकी के अध्यक्ष पद से हटाकर अनुराग ठाकुर को अध्यक्ष बना दिया। सकरार बताए की सभी खेल संघों पर एक ही व्यक्ति का वर्चस्व क्यों है?

इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष से कहा कि सदन के नियमों के तहत चर्चा होगी अभी प्रश्नकाल चल रहा है। उसके बाद इस पर चर्चा की मांग विपक्ष करे। लेकिन विपक्ष चर्चा पर अड़ गया। अध्यक्ष राजीव बिन्दल ने विपक्ष को समझाने की लाख कोशिश की लेकिन, विपक्ष नहीं माना और सदन में ही नारेबाजी शुरू करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।