Follow Us:

शादी तोड़ने पर हिंदू जेल जा सकता है, तो मुस्लिम क्यों नहीं?: PM मोदी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

लोकसभा में बोलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में भी आक्रामक भाषण दिया। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए वोट-बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने तीन तलाक के मुद्दे पर कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि आपको भी मुस्लिम समाज में रिफॉर्म लाने का मौका मिला था, लेकिन आपने वोट बैंक के लिए गवां दिया। अब तीन तलाक के मामले पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्ष तीन तलाक पर बने कानून पर आशंका जाहिर कर रहा है। आशंका यह है कि अगर मुस्लिम पति जेल चला गया तो उसके परिवार का क्या होगा। प्रधानमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि अगर हिंदू विवाह में महिला का पति जेल जाता है तो मुसलमान पति के जेल जाने पर सवाल क्यों? उन्होंने कहा कि इस मामले में कांग्रेस को तब ख्याल क्यों नहीं आता है।

'पुराना भारत मतलब घोटाले वाला भारत चाहिए…'

कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद की बात का जवाब देते हुए पीएम ने कहा कि हम लोग ही नहीं बल्कि गांधी भी कांग्रेस मुक्त भारत चाहते थे। कांग्रेस मुक्त भारत मोदी का नहीं बल्कि गांधी का विचार है, हम सिर्फ उनके पदचिन्हों पर चल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल में लगे आरोप के जरिए भी उसे कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आपको पुराना भारत चाहिए। मैं पूछता हूं देश से क्या आपको पनडुब्बी घोटाले वाला भारत चाहिए, क्या आपको हेलीकॉप्टर घोटाले वाला भारत चाहिए, जेलखाने वाला भारत चाहिए, इमरजेंसी, बोफोर्स घोटाले, देश के अखबारों पर ताला लगने वाला भारत चाहिए..।

पीएम जवाब नहीं बल्कि भाषण दे रहे हैं: कांग्रेस

वहीं, लोकसभा और राज्यसभा में पीएम के भाषण पर विपक्ष खासा नाराज दिखा। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री उनके सवालों से भागते रहे और एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री से 3 सवाल पूछे थे, लेकिन उन्होंने एक का भी जवाब नहीं दिया। प्रधानमंत्री रफायल डील में हुए गड़बड़ी पर देश को जवाब देना चाहिए।

वहीं, राज्यसभा में कांग्रेस के नेता आनंद शर्मा ने हमला बोलते हुए कहा कि आप कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं, लेकिन आप गुजरात को ही कांग्रेस मुक्त नहीं करा पा रहे हैं। आप देश को क्या कांग्रेस मुक्त करेंगे।