Follow Us:

हमीरपुर दौरे पर पहुंची प्रतिभा सिंह, पेपर लीक मामले पर सरकार को घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शनिवार को एक दिवसीय बड़सर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहीं। सासद प्रतिभा सिंह का प्रवेश द्वार उखली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।…

जसबीर कुमार |

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शनिवार को एक दिवसीय बड़सर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहीं। सासद प्रतिभा सिंह का प्रवेश द्वार उखली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। बिझड़ी कस्बे में पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने खुली जीप में लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद खज्जियां में जनसभा को संबोधित किया गया। इस मौके पर प्रचार समिति के अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि पेपर लीक मामले से प्रदेश के युवाओं के साथ खिलवाड़ हुआ है और सरकार की कार्यप्रणाली के चलते युवाओं का भविष्य धूमिल हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मामले को टाल मटोल किया जा रहा है क्योंकि इस मामले में भाजपा के लोग बड़ी संख्या में शामिल हैं। कांगेस के द्वारा मामले को उठाए जाने के बाद ही सरकार ने सीबीआई की जांच शुरू की है।

विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज द्वारा बच्चों को थप्पड़ मारने की घटना को कांग्रेस द्वारा तूल देने के बयानों पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि इतने उच्च पद रहते हुए ओच्छी हरकत करने पर कांग्रेस इसकी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कर्तव्य बनता है कि जनता की आवाज को उठाए न कि मामले को तूल दे।

इस अवसर पर कांग्रेस चुनाव समिति अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान ही लोगों के लिए मनरेगा की स्कीम लेकर आई थी जिसकी वजह से आज हर घर में चूल्हा जल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कहा कि वह अपने घर को संभाल कर रखें और कांग्रेस पर टीका टिप्पणयां न करें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकाल में मंत्रियों के काम तक नहीं होते हैं जिससे जनता भी त्रस्त हो रही है।