Follow Us:

राहुल गांधी आज घोषित होंगे कांग्रेस के अध्यक्ष, गुजरात चुनाव के बाद होगी ताजपोशी

समाचार फर्स्ट |

राहुल गांधी आज (सोमवार) कांग्रेस के अध्यक्ष घोषित कर दिए जाएंगे। क्योंकि नाम वापसी की आखिरी तारीख है। किसी ने इस पद के लिए पर्चा नहीं भरा था इसलिए आज उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा।  हालांकि औपचारिक रूप से कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनकी ताजपोशी गुजरात चुनाव के बाद होगी। वे वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के उत्तराधिकारी होंगे। सोनिया इस पद पर 13 से हैं। राहुल कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद संभालने वाले नेहरू-गांधी परिवार से छठे सदस्य होंगे।

राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी कितनी मजबूत होती है। इसके नतीजे आने में अभी वक्त लगेगा। उससे पहले गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव के नतीजे आएंगे। इस चुनावों में राहुल गांधी ही कांग्रेस के स्टार प्रचारक रहे हैं। फिर इनके लिए अगले साल मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक जैसे राज्यों में चुनाव होंगे यहां उनकी अध्यक्ष के तौर पर अग्निपरीक्षा होगी।

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी ही एक मात्र पात्र उम्मीदवार बनकर उभरे थे। कांग्रेस पार्टी के रिटर्निंग ऑफिसर मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने बताया था कि राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव वाले 89 नामांकन प्राप्त हुए। इसे देखते हुए कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव में केवल एक प्रामाणिक उम्मीदवार राहुल गांधी बचे थे।

उन्होंने बताया था कि कुल 89 नामांकन पत्र प्राप्त हुए और इन सभी में अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी के नाम का प्रस्ताव किया गया था। सभी नामांकन को जांच के बाद सही पाया गया।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन राहुल (47) के खिलाफ एक भी कांग्रेस उम्मीदवार की ओर से पर्चा दाखिल नहीं किया गया था। 47 वर्षीय राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी की कमान संभालने वाले नेहरू-गांधी परिवार के छठे वारिस हैं।