Follow Us:

राठौर बोले- देश में बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू

पी. चंद, शिमला |

कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने झारखंड विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली करारी हार पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अब देश मे भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा है कि इस साल पांच राज्यों में जिस प्रकार से भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा है उससे साफ है कि लोग भाजपा के शासन से मुक्ति की ओर अग्रसर हो गए है।

राठौर ने आज यहां एक बयान में कहा कि देश अब सत्ता परिवर्तन की ओर चल पड़ा है और भाजपा की तानाशाही नीतियों से मुक्त होना चाहता है। उन्होंने कहा कि देश में अब भाजपा खिलाफ जनमत की शुरुआत हो गई है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था, गिरती विकास दर,बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई जैसी जटिल समस्याओं पर केद्र की भाजपा सरकार खामोश है। इन समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिये, धर्म की आड़ में देश का विभाजन करने में तुली है। नागरिकता संशोधन कानून भी इसी का एक हिस्सा है। आज देश के नागरिकों में जिस प्रकार की असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है वह चिन्ता का विषय है।

राठौर ने कहा कि देश के संविधान की मूल भावना को अस्त व्यस्त करने की पूरी कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के उन नेताओं के बारे झूठा व भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को ज्यादा दिनों तक गुमराह नही किया जा सकता। अब देश के लोग भाजपा की वास्तविकता को समझ गए है।

राठौर ने कहा है कि अगले साल होने वाले अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा।उन्होंने कहा कि भजपा के इस शासनकाल में जिस अस्थिरता के दौर से देश गुज़र रहा है अब उसे संभलते संभलते भी समय लगेगा।देश को पुनः विकास के पथ पर खड़ा करना,आद्योगिक विकास को तेज करते हुए बेरोजगारी को दूर करना कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य है।

राठौर ने प्रदेशवासियों को दी क्रिसमस की बधाई

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने क्रिसमस और बड़े दिन पर प्रदेशवासियों विशेषकर ईसाई समुदाय को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं है। राठौर ने कहा है कि प्रभु यीशु ने कमजोर वर्गों के उत्थान और समाज में फैली कुरितियो को दूर करने के लिए जो प्यार और एकता का संदेश दिया वह आज भी हमें आपस मे जोड़े हुए हैं।