Follow Us:

RSLP चीफ उपेंद्र कुशवाहा ने मोदी कैबिनेट से दिया इस्तीफा

समाचार फर्स्ट |

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में दरार खुलकर सामने आने लगी है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के मुखिया उपेंद्र कुशवाहा ने केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उपेंद्र कुशवाहा बिहार में सीट बंटवारे को लेकर नाखुश बताए जाते हैं। समझा जाता है कि उन्होंने बीजेपी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर दबाव बनाने के लिए इस्तीफा दिया है। उपेंद्र कुशवाहा मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री पद पर तैनात थे।

उन्होंने हाल ही में लोकसभा चुनाव 2019 के लिए बीजेपी के सीट बंटवारे के फॉर्मूले को ठुकराते हुए कहा था कि अगर 30 नवंबर तक सम्मानजनक फैसला नहीं हुआ तो हमारी पार्टी अपना फैसला खुद लेगी। साथ ही उन्होंने कहा था कि सीट को लेकर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छोड़कर अन्य किसी से बात नहीं करूंगा। अगर बीजेपी को बात करना होगी तो वह खुद करे। हम 30 नवंबर तक इंतजार करेंगे।

बताया जा रहा है कि कुशवाहा बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के प्रस्ताव से खुश नहीं थे कि उनकी पार्टी 2014 की तुलना में इस बार कम सीटों पर चुनाव लड़े। आरएलएसपी ने 2014 में तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था और तीनों पर ही उसे सफलता मिली थी। कुशवाहा और जदयू अध्यक्ष  सीएम नीतीश कुमार के संबंध पहले से ही अच्छे नहीं थे। नीतीश कुमार एनडीए में शामिल हो गए थे। इसलिए भी नाराज चल रहे थे। कुशवाहा 2014 से पहले एनडीए में शामिल हुए थे।