Follow Us:

BREAKING: सड़क दुर्घटना में SDM नगरोटा की पत्नी की मौत, मां और बेटी घायल

बिट्टू सूर्यवंशी, धर्मशाला |

कांगड़ा जिला में एक प्रशासनिक अधिकारी की पत्नी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। बुधवार को रानीताल के पास हुई दो गाड़ियों की टक्कर में एसडीएम नगरोटा की पत्नी सोनिया की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में एसडीएम की माता वीना देवी (56) और दो साल की बच्ची जयंती गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को टांडा मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कांगड़ा पुलिस अधीक्षक संतोष पटियाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एसडीएम नगरोटा सिद्धार्थ की पत्नी का मायका बिलासपुर है। वह अपने मायके से लौट रही थीं। तभी उनकी कार की टक्कर सामने से आ रही कार से हो गई। इस दौरान उनके ड्राइवर को भी गंभीर चोट आई है।

दूसरी कार जिससे एसडीएम की कार की टक्कर हुई है, वह भी नगरोटा के हटवास की है। इसमें सवार रवि धीमान(21) और प्रियंका उपाध्याय (21) भी घायल हो गए हैं। उनका भी इलाज टांडा में चल रहा है।