Follow Us:

प्रदेश में खेलों के लिए 45.43 करोड़ का बजट अवंटित, सभी विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे खेल मैदान

डेस्क |

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में खेल गतिविधियों के लिए प्रदेश सरकार ने इस साल 45.43 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। शुक्रवार को युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के खेल कलेंडर 2018-19 को जारी करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह जानकारी दी।

उन्होंने इस अवसर पर विभाग की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का भी विमोचन किया। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके चलते राज्य के युवाओं ने जकार्ता में एशियाई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

मुख्यमंत्री खेल विकास योजना में सभी विधानसभा क्षेत्र में खेल मैदान बनाए जाएंगे। राज्य में ऐसे नौ नए मैदान तैयार करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। विभाग ने अभी तक प्रदेश में पंचायत स्तर पर 57 बहुउद्देशीय स्टेडियमों और 3200 छोटे मैदानों का निर्माण किया है।

शिमला जिले के सरस्वतीनगर में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए एक करोड़ की राशि जारी की गई है। राज्य खेल परिषद को दो करोड़ रुपये का अतिरिक्त अनुदान दिया गया है। अनुसूचित जाति विशेष घटक योजना में 46 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।

प्रदेश सरकार प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के लिए तीन प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर रही है। 500 से अधिक ऐसे खिलाड़ियों को रोजगार प्रदान किया गया है।