Follow Us:

सुखराम जनता का नहीं बल्कि अपने पोते का सपना साकार करना चाहते हैं: CM

पी. चंद, शिमला |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पनारसा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने पंडित सुखराम पर निशाना साधते हुए कहा कि सुखराम जनता नहीं बल्कि अपने पोते आश्रय का सपना साकर करना चाहते हैं। ऐसे नेता अपने स्वार्थ के लिए लोकतंत्र एवं जनता की अनदेखी करते हैं। उन्होंने ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता एक परिवार के सपने को साकार करने के लिए अपने वोट को खराब नहीं करेगी। बल्कि एक ऐसी पार्टी को अपना समर्थन देगी जो एक परिवार नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन चुनावों के उपरान्त कांग्रेस पार्टी भी गांधी परिवार मुक्त हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार हर गरीब का सहारा बनी है और सरकार हर वर्ग के लोगों को लाभ पहुंचाने में सफल रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जो कुछ कहते हैं वह लोगों की समझ से परे है। अब तो देशवासियों ने कांग्रेस अध्यक्ष की बातों को गंभीरता से लेना बंद कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्वभर में भारत का मान बढ़ाया है जबकि कांग्रेस पार्टी अपने लगभग 60 साल के कार्यकाल में देश को केवल घोटाले ही दे पाई है। आज समय की मांग है कि पुनः एक बार फिर नरेन्द्र मोदी देश बागडोर सौंपी जाए ताकि भारत एक बड़ी ताकत बनकर उभर सके।

उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद एवं पाकिस्तान की ओच्छी एवं निंदनीय हरकत के लिए करारा जवाब दिया है। वहीं कांग्रेस राष्ट्र नहीं बल्कि देशद्रोहियों के हाथ मजबूत करना चाहती है। यह बात कांग्रेस के घोषणापत्र से स्पष्ट हुई है। हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए यह बड़े गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और उन्होने विगत पांच सालों में प्रदेश के विकास के लिए हरसंभव सहायता की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि हिमाचल की जनता नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए चारों लोकसभा सीटों पर बीजेपी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएगी।