Follow Us:

विकास कार्यों में रोड़े अटका रहे पूर्व विधायक: सुक्खू

समाचार फर्स्ट |

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नादौन के विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जनता से फीडबैक लेने के बाद पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री पर बड़ा आरोप लगाया है। सुक्खू ने कहा कि अग्निहोत्री विकास कार्यों में रोड़े अटका रहे हैं। कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत और शुरू हुए अनेक कार्यों को रुकवा दिया गया है। सुक्खू ने कहा कि कलूर, गलोड़ और धनेटा के आसपास के क्षेत्रों में ऐसे अनेक मामले सामने आए हैं। जहां विधायक ने पहले कांग्रेस सरकार में शुरू काम रुकवाए हैं।

सुक्खू ने कहा कि पूर्व विधायक अधिकारियों पर दबाव बनाकर काम शुरू नहीं होने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक की हर गतिविधि पर कांग्रेस पैनी नजर रख रही है। लोगों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। सड़क से विधानसभा सदन तक आवाज उठाई जाएगी।

सुक्खू ने कहा कि आईपीएच विभाग के अधिकारी भीषण गर्मियों के मद्देनजर जल संकट का समाधान करें। इसके साथ ही जो वाटर टैंक बनकर तैयार हैं, उन्हें पेयजल योजनाओं से कनेक्ट कर जलापूर्ति शुरू की जाए। जहां पानी की अधिक दिक्कत है, वहां टैंकों से आपूर्ति सुनिश्चित हो। उन्होंने पूर्व विधायक पर जनविरोधी होने का भी आरोप लगाया। सुक्खू ने कहा कि बीजेपी के सत्ता में आने के बाद नादौन में तबादला उद्योग सक्रिय है और विजय अग्निहोत्री उसे संरक्षण दे रहे हैं।