Follow Us:

बजट पर चर्चा: सरकार पर जमकर बरसे सुक्खू, विक्रम ठाकुर को वीरभद्र की नसीहत

पी. चंद, शिमला |

विधानसभा के बजट सत्र में एक तरफ जहां सत्ता पक्ष ने बजट की सराहना की, वहीं विपक्ष ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की। गुरूवार को विपक्ष ने प्रश्नकाल के बाद सदन से वॉकआउट किया और फिर सदन में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी। इसके बाद बजट पर चर्चा शुरू हुई।

सबसे पहले चर्चा में विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने भाग लिया। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा चम्बा जिला को विशेष जिला का दर्जा दिए जाने पर धन्यवाद दिया। हंसराज ने अपने बजट भाषण में कहा कि चम्बा अस्पताल में डॉक्टरों की कमी है। बिजली की समस्या हमेशा बनी रहती है। स्कूलों में अध्यापक नही है। जम्मू-कश्मीर के साथ इनका इलाका लगता है। इसलिए वहां के लिए एक बटालियन की जरूरत है, ताकि प्रदेश सुरक्षित हो सके। चंबा के तीसा व अन्य इलाकों को भी डलहौज़ी और मनाली की तर्ज पर पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए ताकि बेरोजगारों को रोजगार मिल सके। उन्होंने बजट को बेहद अहम और प्रोग्रेसिव करार दिया।

मीठी गोली चूस रहे हैं बीजेपी विधायक: सुक्खू

इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष एवं नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट चर्चा में चर्चा के दौरान कहा कि सरकार के विधायक मीठी गोली चूस रही है और ये ख्याल पाले बैठे है कि अगले 20 साल तक सत्ता में बने रहेंगे। सुक्खू ने बीजेपी की यूपी में लोकसभा उपचुनाव में हुई हार को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को लोकसभा उपचुनाव के ताजा परिणामों के जरिए जवाब मिल चुका है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सदन में बोलते हुए बीजेपी को झूठ की यूनिवर्सिटी करार दिया। उन्होंने प्रदेश के 69 एनएच पर सवाल उठाया और मुख्यमंन्त्री से इनके नाम बताने की मांग की। सुक्खू ने धारा 118 से छेड़छाड़ पर सरकार को चेताया कि यदि इसके साथ सरकार ने छेड़छाड़ की तो कांग्रेस जनता के हित के लिए सड़कों पर उतरेगी।

उन्होंने सरकार से पूछा कि प्रदेश में नशे का चलन बढ़ रहा है। रोहड़ू में चिट्टे की खेप मिलना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। गुड़िया प्रकरण मामले में भाजपा ने खूब हल्ला किया। तत्कालीन सरकार ने सीबीआई जांच बिठा दी। बाबजूद इसके भाजपा व माकपा ने इस पर राजनीति की। होशियार कांड की सीबीआई जांच पिछली कांग्रेस सरकार ने दी, अब इन जांचों का क्या हो रहा है? 

कृषि पर बोलते हुए सुक्खू ने कहा कि सिंचाई की 80 फ़ीसदी योजनाएं सफल नहीं हो पा रही हैं। केन्द्र सरकार ने आलू एवम टमाटर के समर्थन मूल्य के लिए 500 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। क्या हिमाचल में भी इसका लाभ मिलेगा? गौ सदनों के निर्माण के लिए एक रुपया सेस लगा दिया। इससे तो अच्छा होता कि शराब पर एक फ़ीसदी सेस लगा देते।

सुक्खू ने मीठी गोली को ईवीएम से जोड़ा और कहा कि मोदी और अमित शाह ईवीएम की इसी मीठी गोली की बदौलत लोकसभा में जीत के सपने देख रहे है।

उपचुनावों के परिणाम छोड़ कांग्रेस अपनी चिंता करे: विक्रम ठाकुर

मुख्यमंन्त्री के बजट भाषण उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ने भी भाग लिया। विपक्ष के तीखे सवालो पर विक्रम ठाकुर ने कहा कि सरकार नई सोच एवम इरादों के साथ जबाबदेही बनकर सामने आ रही है। सरकार का कोई हिडन एजेंडा नही है बल्कि सभी मंत्री एवं विधायकों की राह के बाद ही प्रदेश हित के निर्णय लिए जाते है। पिछली कांग्रेस सरकार की तरह नही की बेरोजगार भत्ते को लेकर सरकार कुछ और कहती थी जबकि मन्त्री कुछ और। ताज़ा लोकसभा चुनावों के परिणामों की चिन्ता छोड़कर कांग्रेस देश भर में अपनी हालात की चिन्ता करे।

पूर्व मुख्यमंन्त्री वीरभद्र सिंह ने विक्रम सिंह ठाकुर की बात काटते हुए नसीहत दी कि वह अपनी मर्यादा में रहे। इस पर विक्रम ठाकुर ने कहा कि पहले पूर्व मुख्यमंन्त्री अपने साथ बैठे विधायकों को नसीहत दे व उनको मर्यादित भाषा में रहकर बोलने को कहें। अपने बजट भाषण को आगे बढ़ाते हुए विक्रम ठाकुर ने कहा की पिछली सरकार में बिगड़ी कानून व्यवस्था के कारण कांग्रेस की हार हुई। आज कांग्रेस संस्थान बन्द होने पर हल्ला मचा रही है। लेकिन अपने कार्यकाल के दौरान कांग्रेस ने पूरी तरह बदला-बदली की भावना से काम किया। विक्रम ठाकुर ने पिछलीे सरकार की उद्योग नीति एवम माइनिंग नीति पर भी सवाल उठाए। विक्रम ठाकुर ने कहा कि उद्योग को लेकर गलत नीति से उद्योगो को भारी नुकशान उठाना पड़ा। नीति पर विक्रम सिंह ठाकुर की चर्चा पर वीरभद्र सिंह एवम मुकेश अग्निहोत्री ने आपत्ति ज़ाहिर की। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच खूब सवाल जबाब हुए।